बिज़नेस

Stock Market: शेयर बाजार में नहीं थम रही बिकवाली, सेंसेक्स-निफ्टी में गिरावट जारी – Utkal Mail

मुंबई। खुदरा मुद्रास्फीति के अक्टूबर में 14 महीने के उच्च स्तर 6.21 प्रतिशत पर पहुंचने तथा विदेशी पूंजी की निरंतर निकासी के बीच बुधवार को शुरुआती कारोबार में घरेलू शेयर बाजारों में गिरावट दर्ज की गई। विदेशी मुद्रा कारोबारियों ने बताया कि वैश्विक बाजारों में कमजोर रुझान ने भी बाजार को प्रभावित किया। 

बीएसई सेंसेक्स शुरुआती कारोबार में 239.69 अंक की गिरावट के साथ 78,435.49 अंक पर आ गया। एनएसई निफ्टी 103.15 अंक फिसलकर 23,780.30 अंक पर रहा। सेंसेक्स में सूचीबद्ध 30 कंपनियों में से महिंद्रा एंड महिंद्रा, मारुति, टाटा स्टील, सन फार्मा, नेस्ले और आईटीसी के शेयर सबसे अधिक नुकसान में रहे। 

वहीं टाइटन, एचडीएफसी बैंक, भारती एयरटेल और एनटीपीसी के शेयरों में बढ़त दर्ज की गई। उपभोक्ता मूल्य सूचकांक आधारित मुद्रास्फीति अक्टूबर में बढ़कर 6.21 प्रतिशत हो गई, जो इससे सितंबर में 5.49 प्रतिशत थी। मुख्य रूप से खाद्य वस्तुओं के दाम बढ़ने से खुदरा मुद्रास्फीति बढ़ी है। एशियाई बाजारों में जापान का निक्की, चीन का शंघाई कम्पोजिट, दक्षिण कोरिया का कॉस्पी और हांगकांग का हैंगसेंग नुकसान में रहे। 

अमेरिकी बाजार मंगलवार को नकारात्मक रुख के साथ बंद हुए थे। अंतरराष्ट्रीय मानक ब्रेंट क्रूड 0.35 प्रतिशत की बढ़त के साथ 72.14 डॉलर प्रति बैरल के भाव पर रहा। शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक विदेशी संस्थागत निवेशक (एफआईआई) मंगलवार को बिकवाल रहे थे और उन्होंने शुद्ध रूप से 3,024.31 करोड़ रुपये के शेयर बेचे। 

रुपया शुरुआती कारोबार में एक पैसे की गिरावट के साथ 84.40 प्रति डॉलर

विदेशी पूंजी की सतत निकासी और घरेलू शेयर बाजारों में नरम रुख के बीच रुपया बुधवार को शुरुआती कारोबार में एक पैसे की गिरावट के साथ 84.40 प्रति डॉलर पर आ गया। अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया 84.40 प्रति डॉलर पर खुला जो पिछले बंद भाव के मुकाबले एक पैसे की गिरावट दर्शाता है। रुपया मंगलवार को अमेरिकी डॉलर के मुकाबले अपने सर्वकालिक निचले स्तर 84.39 पर बंद हुआ था।

इस बीच, छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले अमेरिकी डॉलर की स्थिति को दर्शाने वाला डॉलर सूचकांक 0.04 प्रतिशत की गिरावट के साथ 105.98 पर रहा। अंतरराष्ट्रीय मानक ब्रेंट क्रूड 0.25 प्रतिशत की बढ़त के साथ 72.07 डॉलर प्रति बैरल के भाव पर रहा। शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक विदेशी संस्थागत निवेशक (एफआईआई) मंगलवार को बिकवाल रहे थे और उन्होंने शुद्ध रूप से 3,024.31 करोड़ रुपये के शेयर बेचे।

यह भी पढ़ें:-Mathura News: मथुरा की रिफाइनरी में लगी भीषण आग, 10 लोग झुलसे, तीन गंभीर


utkalmailtv

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button