विदेश

Russia-Ukraine War: रूस ने यूक्रेन के बंदरगाहों और उन अनाज गोदामों को बनाया निशाना, 13 ड्रोनों को रोकने में कामयाब – Utkal Mail


कीव। रूस ने यूक्रेन के दक्षिणी ओडेसा क्षेत्र में अनाज गोदामों को निशाना बना कर एक बार फिर हमला किया है। स्थानीय अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि बीती रात ड्रोन के जरिये डेन्यूब नदी के किनारे स्थित बंदरगाहों और उन अनाज गोदामों को निशाना बनाया गया, जिनका उपयोग यूक्रेन, यूरोप को अनाज भेजने के लिए कर रहा है। काला सागर के रास्ते युद्धकालीन निर्यात से जुड़े एक प्रमुख समझौते को रूस द्वारा तोड़े जाने के बाद यूक्रेन ने इन बंदरगाहों का उपयोग बढ़ाया है।

 इस बीच, 17 महीने पहले शुरू हुए रूसी आक्रमण के बाद से ओडेसा के बंदरगाह पर फंसा हुआ एक कंटेनर जहाज रवाना हो गया। वह काला सागर के रास्ते बोस्पोरस जा रहा है। युद्ध प्रभावित यूक्रेन की अर्थव्यवस्था काफी हद तक कृषि पर निर्भर है। रूस की तरह इसके कृषि निर्यात भी गेहूं, जौ, सूरजमुखी तेल और अन्य खाद्य पदार्थों की वैश्विक आपूर्ति के लिए महत्वपूर्ण हैं, जिन पर विकासशील देश निर्भर हैं।

 क्रेमलिन (रूसी राष्ट्रपति कार्यालय) के एक महीने पहले काला सागर के माध्यम से सुरक्षित यूक्रेन अनाज निर्यात सुनिश्चित करने के लिए संयुक्त राष्ट्र और तुर्की द्वारा पिछली गर्मियों में किए गए समझौते को तोड़े जाने के बाद, कीव ने डेन्यूब के माध्यम से परिवहन और यूरोप में सड़क और रेल संपर्क को फिर से शुरू करने की मांग की है। 

ओडेसा के गवर्नर ओलेह किपर ने कहा कि रात में रूस की तरफ से की गई ड्रोन बमबारी का प्राथमिक लक्ष्य बंदरगाह टर्मिनल थे, जिनमें डेन्यूब डेल्टा के बंदरगाह भी शामिल थे। किपर के अनुसार, वायु सुरक्षा प्रणाली 13 ड्रोनों को रोकने में कामयाब रही। डेन्यूब यूरोप की दूसरी सबसे बड़ी नदी तथा परिवहन का एक अहम मार्ग है। इस बीच, यूक्रेन के उप प्रधानमंत्री अलेक्जेंडर कुब्राकोव ने कहा कि ओडेसा से रवाना होने वाला हांगकांग के ध्वज वाला कंटेनर जहाज 16 जुलाई के बाद रवाना होने वाला पहला जहाज था। यह फरवरी 2022 से ओडेसा में फंसा हुआ था। 

ये भी पढ़ें:- China: भारी मात्रा में चीनी डेटा को लेकर चिंतित है चीन, वैश्विक लेखा परीक्षकों को क्यों बना रहा है निशाना


utkalmailtv

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button