खेल

IND vs NZ World Cup 2023 : मोहम्मद शमी ने गेंदबाजी से बरपाया कहर, न्यूजीलैंड ने भारतीय टीम को दिया 274 रनों का टारगेट – Utkal Mail


धर्मशाला। आईसीसी वर्ल्ड कप 2023 की दो टॉपर टीमें भारत और न्यूजीलैंड आज (22 अक्टूबर) धर्मशाला के हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन स्टेडियम में आमने-सामने हैं। भारतीय कप्तान रोहित शर्मा ने न्यूजीलैंड के खिलाफ टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। न्यूजीलैंड पहले बल्लेबाजी करते हुए 273 रनों पर ऑलआउट हो गई और भारत को 274 रन का टारगेट दिया है। न्यूजीलैंड की ओर से डेरिल मिशेल ने 130 जबकि रचिन रविंद्र ने 75 रन बनाए। भारत के लिए शमी सबसे सफल गेंदबाज रहे जिन्होंने 54 रन देकर करियर में तीसरी बार पांच विकेट चटकाए। बाएं हाथ के स्पिनर कुलदीप यादव महंगे साबित हुए। उन्होंने 73 रन देकर दो विकेट हासिल किए। मोहम्मद सिराज (45 रन पर एक विकेट) और जसप्रीत बुमराह (45 रन पर एक विकेट) ने किफायती गेंदबाजी करते हुए एक-एक विकेट अपने नाम किया।

 न्यूजीलैंड के बल्लेबाज पूरे टूर्नामेंट के दौरान पहली बार दबाव में दिखे। टीम अंतिम 13 ओवर में भारत की सटीक गेंदबाजी के सामने 68 रन ही बना सकी। भारतीय कप्तान रोहित शर्मा ने टॉस जीतकर न्यूजीलैंड को पहले बल्लेबाजी का निमंत्रण दिया जिसके बाद गेंदबाजों ने नौवें ओवर में 19 रन तक ही दोनों सलामी बल्लेबाजों डेवोन कॉनवे (00) और विल यंग (17) को पवेलियन भेज दिया। कॉनवे जसप्रीत बुमराह का पारी का पहला ओवर मेडन खेलने के बाद मोहम्मद सिराज की गेंद को फारवर्ड शॉर्ट लेग पर श्रेयस अय्यर के हाथों में खेल गए। यंग ने दूसरे ओवर में सिराज पर चौके के साथ अपना और टीम का खाता खोला।

उन्होंने बुमराह पर भी दो चौके जड़े लेकिन मोहम्मद शमी की गेंद को विकेटों पर खेल बैठे। रचिन रविंद्र और डेरिल मिशेल ने इसके बाद पारी को संभाला। दोनों ने रन गति में इजाफा किया। रविंद्र ने शमी पर दो चौके मारे लेकिन 12 रन के निजी स्कोर पर भाग्यशाली रहे जब इस तेज गेंदबाज की गेंद पर रविंद्र जडेजा ने प्वाइंट पर उनका कैच टपका दिया। मिशेल ने 13वें ओवर में शमी पर चौके के साथ टीम का स्कोर 50 रन के पार पहुंचाया। रविंद्र और मिशेल दोनों ने 19वें ओवर में कुलदीप यादव पर छक्के जड़े।

मिशेल ने कुलदीप के अगले ओवर में भी लंबा छक्का लगाया जो प्रेस बॉक्स की छत पर जाकर लगा। टीम के रनों का शतक 21वें ओवर में पूरा हुआ। रविंद्र ने कुलदीप की गेंद पर एक रन के साथ 56 गेंद में अर्धशतक पूरा किया जबकि मिशेल ने सिराज पर एक रन के साथ 60 गेंद में 50 रन के आंकड़े को छुआ। सिराज ने 61 रन के स्कोर पर रविंद्र को पगबाधा किया लेकिन डीआरएस का सहारा लेने पर फैसला बल्लेबाज के पक्ष में गया क्योंकि गेंद लेग साइड के बाहर पिच हुई थी। मिशेल को भी 69 रन के स्कोर पर जीवनदान मिला जब कुलदीप की गेंद पर लांग ऑफ पर बुमराह ने उनका आसान कैच टपका दिया और गेंद चार रन के लिए चली गई। रविंद्र हालांकि अगले ओवर में शमी की गेंद पर लांग ऑन पर शुभमन गिल को कैच दे बैठे जिससे बड़ी शतकीय साझेदारी का अंत हुआ।

Image

उन्होंने 87 गेंद की अपनी पारी में छह चौके और एक छक्का मारा। न्यूजीलैंड के रनों का दोहरा शतक 37वें ओवर में पूरा हुआ लेकिन कुलदीप ने इसी ओवर में कप्तान टॉम लैथम (05) को पगबाधा करके भारत को चौथी सफलता दिलाई। मिशेल ने बुमराह की गेंद पर एक रन के साथ 100 गेंद अपना पांचवां शतक पूरा किया। ग्लेन फिलिप्स ने 44वें ओवर में सिराज पर छक्के के साथ 40 गेंद के बाउंड्री के सूखे को खत्म किया लेकिन कुलदीप के अगले ओवर में गेंद को हवा में लहराकर रोहित को आसान कैच दे बैठे।

Image

उन्होंने 23 रन बनाए। मार्क चैपमैन (06) भी बुमराह की गेंद पर बड़ा शॉट खेलने की कोशिश में बाउंड्री पर कोहली को कैच दे बैठे जबकि शमी ने सटीक यॉर्कर पर मिशेल सेंटनर (01) का ऑफ स्टंप उखाड़ने के बाद अगली गेंद पर मैट हेनरी (00) का लेग स्टंप उखाड़ा। मिशेल ने अंतिम ओवर में शमी की लगातार गेंदों पर छक्का और चौका मारा लेकिन फिर कोहली को कैच दे बैठे। पारी की अंतिम गेंद पर लॉकी फर्ग्युसन (01) रन आउट हुए। 

  • भारतीय तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी ने एक ही ओवर में दो विकेट लेकर न्यूजीलैंड को बैकफुट पर धकेल दिया। उन्होंने पारी के 48वें ओवर में लगातार 2 गेंदों पर मिचेल सेंटनर और मैट हेनरी को शिकार बनाया
  • न्यूजीलैंड को 257 के स्कोर पर छठा और बड़ा झटका लगा। तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह ने मार्क चैपमैन को (6) शिकार बनाया।
  • न्यूजीलैंड का  पांचवां झटका ग्लेन फिलिप्स के रूप में लगा। स्पिनर कुलदीप यादव ने फिलिप्स को 23 रनों के स्कोर पर पवेलियन भेजा।
  • न्यूजीलैंड के बल्लेबाज डेरेल म‍िचेल ने वनडे कर‍ियर का 5वां शतक जड़ा हैं। व‍िश्व कप में उन्होंने पहली बार यह कारनामा किया। 
  • कुलदीप यादव ने न्यूजीलैंड के कप्तान टॉम लेथम को अपना श‍िकार बनाया। वह कुलदीप यादव की गेंद पर LBW आउट हुए। कुलदीप का यह मैच में पहला व‍िकेट रहा।
  • रचिन रवींद्र ​​​​​​​75 रन बनाकर आउट हुए। उन्हें मोहम्मद शमी ने शुभमन गिल के हाथों कैच कराया। यह शमी का दूसरा विकेट है।
  • टीम इंडिया को तीसरे व‍िकेटकी तलाश है। वहीं रच‍िन रव‍िंंद्र ने अपना तीसरा वनडे अर्धशतक जड़ द‍िया है।
  • मोहम्मद शमी ने वर्ल्ड कप 2023 में अपनी पहली ही गेंद पर व‍िकेट ल‍िया। विल यंग 17 रन बनाकर आउट हुए। उन्हें मोहम्मद शमी ने अपनी पहली बॉल पर बोल्ड किया। न्यूजीलैंड का स्कोर 19/2 हो गया है।
  • मोहम्मद स‍िराज ने भारत को पहली सफलता द‍िलाई। उन्होंने न्यूजीलैंड के धाकड़ ओपनर डेवोन कॉन्वे को 0 पर आउट किया। श्रेयस अय्यर ने शानदार कैच पकड़ा।  

पिच अच्छी दिख रही है-रोहित शर्मा
भारत ने दो बदलाव करते हुए चोटिल ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या और शारदुल ठाकुर की जगह मोहम्मद शमी और सूर्यकुमार यादव को टीम में शामिल किया है। न्यूजीलैंड ने अपनी टीम में कोई बदलाव नहीं किया है। टॉस जीतने के बाद रोहित शर्मा ने कहा कि कल अभ्यास में हमने देखा था कि यहां ओस जल्दी पड़ने लगती है। पिच अच्छी दिख रही है। हार्दिक चोट के कारण उपलब्ध नहीं हैं और शार्दुल भी टीम से बाहर हैं। सूर्यकुमार यादव और मोहम्मद शमी को एकादश में शामिल किया गया है। वही न्यूजीलैंड के कप्तान टॉम लेथम ने कहा कि हम भी पहले गेंदबाज़ी करना पसंद करते। पिच अच्छी है और हम जानते हैं कि ओस पड़ेगी। सबसे जरूरी बात है कि हमें बेहतर खेलना होगा। हम एक नए मैदान में हैं हमें नई परिस्थितियों से जल्दी से जल्दी तालमेल बैठाना होगा। हमने टीम में कोई बदलाव नहीं किया है।

टीम इंडिया की न्यूजीलैंड के ख‍िलाफ प्लेइंग -11
भारत : रोहित शर्मा (कप्तान), शुभमन गिल, विराट कोहली, श्रेयस अय्यर, केएल राहुल, सूर्यकुमार यादव, रवींद्र जडेजा, जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद सिराज और कुलदीप यादव, मोहम्मद शमी।

 

भारत के ख‍िलाफ न्यूजीलैंड की प्लेइंग 11
न्यूजीलैंड: डेवॉन कॉन्वे, विल यंग, रचिन रवींद्र, टॉम लैथम (कप्तान, विकेटकीपर), डेरेल मिचेल, ग्लेन फिलिप्स, मार्क चैपमैन, मिचेल सेंटनर, मैट हेनरी, लॉकी फर्ग्यूसन और ट्रेंट बोल्ट।

भारत-न्यूजीलैंड के बीच वनडे में रिकॉर्ड

  • कुल वनडे मैच: 116
  • भारत जीता: 58
  • न्यूजीलैंड जीता: 50
  • बेनतीजा: 7
  • टाई: 1

वर्ल्ड कप में भारत-न्यूजीलैंड का रिकॉर्ड

  • कुल वनडे मैच: 8
  • भारत जीता: 3
  • न्यूजीलैंड जीता: 5

न्यूजीलैंड और भारत टॉप पर
वर्ल्ड कप 2023 की प्वाइंट्स टेबल में न्यूजीलैंड और भारत टॉप दो टीमें हैं। दोनों ने ही अपने 4-4 मुकाबले जीते है। 

छवि

केन व‍िल‍ियमसन नहीं खेलेंगे भारत के ख‍िलाफ
न्यूजीलैंड के न‍ियम‍ित कप्तान केन विलियमसन भारत के खिलाफ मैच में नहीं खेलेंगे। टॉम लैथम विलियसमन की गैरमौजूदगी में टीम की कमान संभाल रहे हैं। मैच से एक दिन पहले टॉम लैथम ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, ‘केन अब भी अपने अंगूठे की चोट से जूझ रहे हैं। उन्हें पूरी तरह फिट होने में अभी और भी समय लगेगा। वह टूर्नामेंट के आखिरी फेज तक फिट होकर टीम में लौटेंगे। 

ये भी पढ़ें :IND vs NZ World Cup 2023 : सूर्यकुमार के हाथ में लगी चोट, किशन को मधुमक्खी ने मारा डंक…कहीं रुक न जाए टीम इंडिया का विजयरथ


utkalmailtv

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button