Amarnath Yatra 2025 : अमरनाथ यात्रा का तीसरा जत्था कश्मीर रवाना, इस बार 6,400 तीर्थयात्री हुए शामिल – Utkal Mail

जम्मू।दक्षिण कश्मीर हिमालय स्थित अमरनाथ गुफा मंदिर जाने के लिए 6,400 से अधिक तीर्थयात्रियों का तीसरा जत्था शुक्रवार को दो अलग-अलग काफिलों में जम्मू के भगवती नगर आधार शिविर से रवाना हुआ। अधिकारियों ने जानकारी में बताया कि अनंतनाग जिले के पहलगाम और गांदरबल जिले के बालटाल से 38 दिवसीय वार्षिक यात्रा शुरू होने के बाद से लगभग 14,000 तीर्थयात्री 3,880 मीटर ऊंचे पवित्र गुफा मंदिर में दर्शन कर चुके है।
उन्होंने बताया कि 4,723 पुरुषों, 1,071 महिलाओं, 37 बच्चों और 580 साधुओं एवं साध्वियों समेत 6,411 तीर्थयात्रियों का तीसरा जत्था 291 वाहनों में रवाना हुए। यह जत्था केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) की सुरक्षा में भगवती नगर यात्री निवास से दो समूहों में बृहस्पतिवार देर रात सवा तीन बजे और शुक्रवार तड़के चार बजे बालटाल और पहलगाम रवाना हुआ।

जहां 138 वाहनों में सवार 3,622 तीर्थयात्रियों ने 48 किलोमीटर लंबे पारंपरिक पहलगाम मार्ग को चुना, वहीं 153 वाहनों में सवार 2,789 तीर्थयात्रियों ने छोटे लेकिन अधिक कठिन 14 किलोमीटर लंबे बालटाल मार्ग को चुना।

बुधवार से अब तक कुल 17,549 तीर्थयात्री जम्मू आधार शिविर से घाटी रवाना हुए हैं। उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने बुधवार को यहां से यात्रा को हरी झंडी दिखाई थी। पहलगाम में 22 अप्रैल को हुए आतंकवादी हमले में 26 लोगों की मौत होने की घटना के बावजूद यात्रा कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच सामान्य रूप से जारी है। भगवती नगर आधार शिविर को बहु-स्तरीय सुरक्षा घेरे में रखा गया है।
.jpg)
अब तक साढ़े तीन लाख से अधिक लोगों ने तीर्थयात्रा के लिए ऑनलाइन पंजीकरण कराया है। जम्मू में 34 आवास केंद्र बनाए गए हैं और तीर्थयात्रियों को ‘रेडियो फ्रीक्वेंसी आइडेंटिफिकेशन’ ((रेडियो आवृत्ति पहचान या आरएफआईडी) टैग जारी किए जा रहे हैं। यात्रा करने के इच्छुक तीर्थयात्रियों के मौके पर पंजीकरण के लिए 12 काउंटर स्थापित किए गए हैं।
ये भी पढ़े : Amarnath Yatra: तीर्थयात्रियों के रवाना होने के साथ अमरनाथ यात्रा की शुरुआत, बालटाल, नुनवान आधार शिविरों से निकला श्रद्धालुओं का पहला जत्था



