बिज़नेस

लाल निशान पर खुले सेंसेक्स और निफ्टी, शुरुआती कारोबार में गिरावट के साथ शुल्क संबंधी अनिश्चितता के कारण निवेशक सतर्क – Utkal Mail

मुंबई। सेंसेक्स और निफ्टी में बृहस्पतिवार को शुरुआती कारोबार में गिरावट दर्ज की गई। विश्लेषकों का कहना है कि शुल्क संबंधी अनिश्चितता के कारण निवेशक सतर्क हैं। बीएसई सेंसेक्स शुरुआती कारोबार में 76.99 अंक की गिरावट के साथ 83,461.90 अंक पर जबकि एनएसई निफ्टी 23.15 अंक फिसलकर 25,452.95 अंक पर आ गया। 

सेंसेक्स में शामिल 30 कंपनियों में से टाटा मोटर्स, इन्फोसिस, भारत इलेक्ट्रॉनिक्स, भारती एयरटेल, एचडीएफसी बैंक और महिंद्रा एंड महिंद्रा के शेयर में गिरावट दर्ज की गई। टाटा स्टील, पावर ग्रिड, एक्सिस बैंक और बजाज फाइनेंस के शेयर बढ़त में रहे। 

एशियाई बाजारों में हांगकांग का हैंगसेंग, दक्षिण कोरिया का कॉस्पी और चीन का शंघाई एसएसई कम्पोजिट फायदे में रहे जबकि जापान का निक्की 225 नुकसान में रहा। अमेरिकी बाजार बुधवार को सकारात्मक रुख के साथ बंद हुए थे। अंतरराष्ट्रीय मानक ब्रेंट क्रूड 0.06 प्रतिशत की गिरावट के साथ 70.15 डॉलर प्रति बैरल के भाव पर रहा। 

शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशक (एफआईआई) बुधवार को लिवाल रहे थे और उन्होंने शुद्ध रूप से 77 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे।

रुपया शुरुआती कारोबार में 17 पैसे की बढ़त के साथ 85.56 प्रति डॉलर पर 

रुपया बृहस्पतिवार को शुरुआती कारोबार में 17 पैसे की बढ़त के साथ अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 85.56 पर पहुंच गया। विदेशी मुद्रा कारोबारियों ने बताया कि रुपये ने उतार-चढ़ाव भरा लेकिन सीमित दायरे में कारोबार किया। अमेरिका-भारत व्यापार वार्ता में मामूली प्रगति और भारतीय निर्यातों पर शुल्क की समय सीमा बढ़ाए जाने से बाजारों को अल्पकालिक राहत मिली है। 

अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया, डॉलर के मुकाबले 85.62 पर खुला। फिर 85.56 प्रति डॉलर पर पहुंच गया, जो पिछले बंद भाव से 17 पैसे की बढ़त दर्शाता है। रुपया बुधवार को अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 85.73 पर स्थिर बंद हुआ था। इस बीच, छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले अमेरिकी डॉलर की स्थिति को दर्शाने वाला डॉलर सूचकांक 0.19 प्रतिशत की गिरावट के साथ 97.37 पर आ गया। 

घरेलू शेयर बाजारों में सेंसेक्स शुरुआती कारोबार में 113.57 अंक की गिरावट के साथ 83,422.51 अंक पर आ गया, जबकि निफ्टी 37.00 अंक फिसलकर 25,439.10 अंक पर आ गया। अंतरराष्ट्रीय मानक ब्रेंट क्रूड 0.03 प्रतिशत की गिरावट के साथ 70.17 डॉलर प्रति बैरल के भाव पर रहा। शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशक (एफआईआई) बुधवार को लिवाल रहे थे और उन्होंने शुद्ध रूप से 77 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे।

ये भी पढ़े : Share Market Closed : मिले-जुले संकेतों के बीच कारोबार सीमित, सेंसेक्स-निफ्टी गिरावट के साथ हुआ बंद


utkalmailtv

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button