PM मोदी ने गूगल के सीईओ सुंदर पिचाई से की बातचीत, इलेक्ट्रॉनिक्स विनिर्माण विस्तार पर जोर दिया – Utkal Mail
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सोमवार को गूगल और अल्फाबेट के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) सुंदर पिचाई से डिजिटल माध्यम से बातचीत की और प्रौद्योगिकी क्षेत्र की दिग्गज कंपनी की भारत में इलेक्ट्रॉनिक विनिर्माण परिवेश के विस्तार में भाग लेने की योजना पर चर्चा की।
प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) ने कहा कि मोदी ने भारत में क्रोमबुक्स के विनिर्माण के लिए ‘एचपी’ के साथ गूगल की साझेदारी की प्रशंसा की। उसने कहा, ‘‘प्रधानमंत्री ने गूगल की 100 भाषा पहल की प्रशंसा की और कृत्रिम मेधा से जुड़े समाधानों को भारतीय भाषाओं में उपलब्ध कराने के प्रयासों को प्रोत्साहित किया।
उन्होंने गूगल को सुशासन के लिए एआई समाधानों पर काम करने के लिए भी प्रेरित किया।’’ मोदी ने गांधीनगर में गुजरात इंटरनेशनल फाइनेंस टेक-सिटी (गिफ्ट) में वैश्विक फिनटेक संचालन केंद्र खोलने की गूगल की योजना का स्वागत किया।
पीएमओ ने बताया कि पिचाई ने मोदी को ‘गूगल पे’ और यूपीआई की पहुंच बढ़ाकर भारत में वित्तीय समावेशन में सुधार लाने की गूगल की योजनाआं के संबंध में जानकारी दी। मोदी ने गूगल को नयी दिल्ली में दिसंबर 2023 में भारत द्वारा आयोजित होने वाले एआई शिखर सम्मेलन पर आगामी वैश्विक साझेदारी में योगदान देने के लिए भी आमंत्रित किया।
यह भी पढ़ें- समलैंगिक विवाह को कानूनी मान्यता का मुद्दा: मंगलवार को अहम फैसला सुनाएगा सुप्रीम कोर्ट



