‘‘भाजपा लोगों का ध्यान न भटकाए… लापरवाही एवं सुरक्षा संबंधी विफलता’’ का परिणाम पहलगाम आतंकवादी हमला: कांग्रेस नेता शर्मिला – Utkal Mail

अमरावती। आंध्र प्रदेश कांग्रेस समिति (एपीसीसी) की अध्यक्ष वाई एस शर्मिला ने कहा है कि पहलगाम आतंकवादी हमला ‘‘लापरवाही एवं सुरक्षा संबंधी विफलता’’ का परिणाम है और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) इस बात से लोगों का ध्यान ‘‘भटका रही है।’’
लापरवाही एवं सुरक्षा संबंधी विफलता से हुआ आतंकी हमला
शर्मिला ने आतंकवादियों द्वारा मारे गए 26 लोगों के परिवारों के प्रति एकजुटता प्रदर्शित करने के लिए मोमबत्ती जलाकर रैली निकाली। उन्होंने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) पर यह धारणा बनाने का आरोप लगाया कि एक धर्म पर हमला किया जा रहा है। शर्मिला ने कहा, ‘‘यह हमारे देश पर हमला है…और इसके पीछे लापरवाही एवं सुरक्षा संबंधी विफलता है। भाजपा इस बात से ध्यान भटकाना चाहती है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘मृतकों में मुसलमान भी शामिल थे।’’
भाजपा नेता ने किया पलटवार
कांग्रेस नेता ने कहा कि यह किसी एक धर्म पर नहीं बल्कि भारत पर हमला है। उन्होंने कहा कि भाजपा ‘‘यह विमर्श गढ़ रही है कि यह हमला किसी एक धर्म के खिलाफ है।’’ उन्होंने इसे दुखद बताया। इस बीच, भाजपा नेता एस यामिनी शर्मा ने शर्मिला की टिप्पणियों की आलोचना करते हुए उन्हें ‘‘अपनी जुबान पर काबू रखने’’ को कहा।
एस यामिनी शर्मा ने उन्हें इस मुद्दे पर उनके साथ बहस करने की चुनौती दी कि पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार की तुलना में भाजपा सरकार में देश कितना ‘‘सुरक्षित’’ है। शर्मा ने कहा, ‘‘बीते 10 साल में भाजपा ने यह सुनिश्चित करने के लिए प्रभावी कदम उठाए हैं कि देश में कोई आतंकवादी हमला न हो।’’ उन्होंने कहा कि जब पूरा देश शोक में है, तब एपीसीसी अध्यक्ष ‘‘निंदनीय टिप्पणी’’ कर रही हैं। इस हमले के पीछे शर्मिला द्वारा ‘‘लापरवाही और सुरक्षा संबंधी विफलता’’ को कारण बताए जाने पर शर्मा ने कहा कि लोगों की सुरक्षा के लिए हमेशा तत्पर रहने वाले सुरक्षाबलों का अपमान करना उचित नहीं है। आतंकवादियों ने मंगलवार को कश्मीर में पहलगाम शहर के पास एक पर्यटक स्थल पर हमला किया जिसमें 26 लोग मारे गए। इनमें से अधिकतर पर्यटक थे।
यह भी पढ़ेः “मैं दोनों के करीब हूं, भारत और पाकिस्तान में….”, पहलगाम हमले पर पहली बार बोले डोनाल्ड ट्रम्प